June 24, 2026

जिस नाले में पिता की डूबने से हुई थी मौत, बेटा भी वहीं डूबा; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भारत-नेपाल सीमा स्थित वन महोलिया गांव में बुधवार शाम नाले में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक पखवाड़े पहले इसी नाले में डूबने से उसके पिता की भी मौत हो गई थी। परिवार में 15 दिनों के भीतर दो लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।

वन महोलिया निवासी सुभाष (45) पुत्र रामचंदर की बुधवार शाम को अपने घर के पीछे बहने वाले नाले में डूबने से मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि 26 मार्च को इसी नाले में डूबने से उसके पिता रामचंदर की भी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद सुभाष रस्म पगड़ी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बुधवार शाम के समय घर के पीछे बहने वाले नाले की ओर गया था। वह नाले की गहराई नापने की बात कह रहा था लेकिन इस दौरान वह नाले में डूब गया।

परिजनों ने बताया कि उस समय सुभाष घर पर पत्नी के साथ था। पत्नी ने उसे नाले में जाने से रोका लेकिन वह नहीं माना। आसपास के ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया था, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। पखवाड़े के भीतर दो लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुभाष अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को रोता बिलखता छोड़ गया। सुभाष टाइल्स मिस्त्री का काम करता था। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.