June 19, 2026

नगर में प्रतिबंधित वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 114 चालान, 6 वाहन सीज

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल नगर में परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाकर प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान वर्ष 2017 के बाद पंजीकृत दुपहिया और चौपहिया वाहनों की जांच की गई, जिसमें अब तक 114 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को सीज कर दिया गया।

गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने सरोवर नगरी नैनीताल में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वर्ष 2017 के बाद पंजीकृत वाहनों के नगर क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रतिबंधित वाहन, विशेषकर टैक्सी बाइकों का संचालन नगर में जारी था।

आयुक्त कुमाऊं के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से कई पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्यटकों का कहना है कि रेंटल बाइक संचालकों ने उन्हें यह जानकारी नहीं दी थी कि इन वाहनों को नैनीताल नगर क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं है। जानकारी के अभाव में अब उन्हें चालान भुगतना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि वाहन किराये पर लेने से पहले स्थानीय यातायात नियमों और प्रतिबंधों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

श्रीमन पांडे, पर्यटक लखनऊ

 

पवन कुमार, टीटीओ परिवहन विभाग

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.