August 8, 2026

उत्तराखंड पंचायत चुनाव: मुनस्यारी बूथ पहुंचने के लिए चढ़ रहे थे खड़ी चढ़ाई, मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत

सीमांत जिले में बारिश से सड़कें बंद हैं और कई रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन बदहाल मार्गों से मतदान कर्मी जान जोखिम में डालकर अपने बूथों तक पहुंच रहे हैं।

दुर्गम विकासखंड मुनस्यारी में सड़क से चार किलोमीटर दूर बने बूथ तक पहुंचने के लिए खड़ी चढ़ाई चढ़ रहे मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं अन्य बूथ पर जा रहे पीठासीन अधिकारी का बदहाल रास्ते पर फिसलने से पैर टूट गया। उन्हें हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।

सीमांत जिले में बारिश से सड़कें बंद हैं और कई रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन बदहाल मार्गों से मतदान कर्मी जान जोखिम में डालकर अपने बूथों तक पहुंच रहे हैं। मुनस्यारी विकासखंड के पोलिंग बूथ के लिए मंगलवार सुबह 60 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक 44 वर्षीय मनीष पंत और उनकी टीम प्राथमिक विद्यालय गोल्फा में बने बूथ के लिए रवाना हुई। सड़क का सफर तय कर टीम चार किलोमीटर दूर पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थी। इस बीच मनीष पंत के सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश हो गए। कुछ ही देर में हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद उनके शव को रेस्क्यू करने टीम भेजी गई और उनकी जगह अन्य कर्मी को रवाना किया गया।

 

वहीं पीठासीन अधिकारी गौरव कुमार चामी भैंसकोट बूथ पर मतदान संपन्न कराने अपनी टीम के साथ रवाना हुए। बूथ से कुछ ही दूरी पर बदहाल रास्ते पर फिसल गए और उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें रेस्क्यू कर नाचनी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रेस्क्यू टीम उन्हें लेकर जिला मुख्यालय को रवाना हुई। उनकी जगह अन्य पीठासीन अधिकारी को भेजा गया। आरओ दिगंबर आर्या ने कहा कि हार्ट अटैक से एक मतदान कर्मी की मौत हुई है जबकि अन्य पीठासीन अधिकारी का पैर फ्रैक्चर हुआ है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.