July 17, 2026

देवप्रयाग में पानी संकट पर ग्रामीणों का मशाल जुलूस

टिहरी देवप्रयाग क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लगातार पानी की सप्लाई बाधित रहने से नाराज स्थानीय लोगों ने मशाल जुलूस निकालकर सिंचाई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की सप्लाई सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

मशाल जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। वहीं ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद अब यह देखना होगा कि संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर कितनी गंभीरता दिखाते हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.