रावली महदूद में महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पत्नी और प्रज्ञा फाउंडेशन की संस्थापक प्रज्ञा दीक्षित ने एक बार फिर सामाजिक जागरूकता और सेवा का संदेश देते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया।
हरिद्वार के रावली महदूद ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रज्ञा दीक्षित ने सैकड़ों महिलाओं और युवतियों को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली जरूरी सावधानियों, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। इस मौके पर महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए और उनके सुरक्षित उपयोग व निस्तारण के बारे में विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर इस तरह के जागरूकता अभियान बेहद जरूरी हैं, ताकि महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य व स्वच्छता से जुड़ी सही जानकारी मिल सके।
प्रज्ञा दीक्षित ने कहा कि मासिक धर्म कोई संकोच का विषय नहीं बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करने के साथ उसका सही तरीके से निस्तारण करना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि लापरवाही पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक हो सकती है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नगर निकाय की ओर से विशेष कचरा संग्रहण वाहन संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें मेडिकल और सैनिटरी वेस्ट का अलग तरीके से निस्तारण किया जाता है।
प्रज्ञा दीक्षित ने महिलाओं से अपील की कि वे इस विषय पर झिझक छोड़कर खुलकर बात करें, स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास की अन्य महिलाओं व किशोरियों को भी जागरूक करें।