June 30, 2026

ऑपरेशन गंगा’ के तहत यूक्रेन से लगभग 200 छात्रों और भारतीय नागरिकों को निकालकर भारत वापस लाया गया।

देहरादून 03 मार्च 2022,

दिल्ली: यूक्रेन पर रूस के हमले के कारण यूक्रेन में फंसे भारतीय को भारत सरकार के ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत यूक्रेन से लगभग 200 छात्रों और भारतीय नागरिकों को निकालकर भारत वापस लाया गया है । स्‍वदेश लौटने वाले इन छात्रों और नागरिकों का रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री भगवंत खुबा ने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्‍वागत किया। स्‍वदेश लौटने वाले इन लोगों में अधिकांश छात्र थे। इंडिगो की यह विशेष उड़ान आज सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थी।

सभी स्‍वदेश लौटने वालों का स्वागत करते हुए, केन्‍द्रीय मंत्री खुबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में केन्‍द्र सरकार यूक्रेन से सभी भारतीयों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को यह आश्वासन दिया कि उनके मित्रों एवं सहयोगियों को भी जल्द ही यूक्रेन से निकाल लिया जाएगा।

भारत वापस लौटने पर अपने परिवारों के साथ मुलाकात करते हुए छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। विमान में सवार एक युवा छात्र ने खुशी से आंसू बहाते हुए कहा कि युद्ध से संकटग्रस्‍त देश से सुरक्षित निकासी किसी चमत्कार से कम नहीं है ।

इंडिगो की इस फ्लाइट ने इस्तांबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को भारतीय समयानुसार रात 10.35 बजे उड़ान भरी थी और यह आज सुबह 8.31 बजे नई दिल्ली पहुंची थी। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और स्पाइसजेट यूक्रेन के पड़ोसी देशों से दिल्ली और मुंबई के लिए कई उड़ानें संचालित करने के लिए ऑपरेशन गंगा मिशन में शामिल हो गए हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.