June 26, 2026

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने न्यूजीलैंड स्थित मेरोक फार्म लिमिटेड का भ्रमण किया।

देहरादून 28 दिसंबर 2022,

न्यूजीलैंड: कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा वर्तमान में पशुपालन तथा डेयरी फार्मिंग से संबंधित जानकारियां व अध्ययन करने हेतु विदेश यात्रा पर हैं। उन्होंने आज क्राइस्टचर्च न्यूजीलैंड स्थित मेरोक फार्म लिमिटेड का भ्रमण किया। यह डेयरी फार्म क्राइस्टचर्च शहर से 100 कि.मी.दूर है तथा 1500 एकड़ भूमि में फैला हुआ है। इस दौरान उनके साथ डा. अविनाश आनंद मुख्य अधिशासी अधिकारी भेड़ एवं ऊन विकास बोर्ड उत्तराखंड उपस्थित रहे।

मेरोक फार्म लिमिटेड के स्वामी सुमित तथा मनोज काम्बोज उत्तराखंड मूल के गदरपुर उधम सिंह नगर के निवासी हैं। रिचर्ड डेयरी फार्म में सहयोगी पार्टनर हैं । इनके द्वारा वर्ष 2013-14 से मेरोक फार्म लिमिटेड का संचालन किया जा रहा है। जोकि न्यूजीलैंड के फोंटेरा कोऑपरेटिव मॉडल पर आधारित है। डेयरी फार्म में 2,100 गाय हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 50,000 लीटर दूध का उत्पादन किया जाता है। फार्म में सभी गाय वर्ष भर खुले में रहती हैं तथा इनको रोटेशनल ग्रेजिंग के आधार पर आहार की पूर्ति की जाती है। हरे घास के अतिरिक्त इनको कोई अन्य आहार नहीं दिया जाता है।

कैबिनेट मंत्री श्री बहुगुणा को मेरोक फार्म के स्वामी सुमित तथा मनोज काम्बोज नन बताया कि उन्होंने अपने क्षेत्र के 12 नवयुवकों को न्यूजीलैंड में रोजगार प्रदान किया है। डेयरी फार्म में उत्तराखंड के अनिल कंबोज, रमन काम्बोज, कृपाल सिंह, मोहम्मद कासिफ, मंगत, सूरज, विजय, चेतन व राजा कार्यरत हैं।

डेयरी फार्म के स्वामियों द्वारा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को जानकारी दी गई कि डेयरी फार्म में आधुनिक तकनीकी के माध्यम से गौ पालन किया जा रहा है। प्रत्येक गाय में एक “इलेक्ट्रॉनिक नेक कॉलर” लगाया गया है जिससे गाय के शरीर की गतिविधियां हेल्थ व हीट डिटेक्शन व अन्य बीमारियों की मॉनिटरिंग की जाती है। “मल्चिंग यूनिट” भी स्थापित की गई है।

श्री बहुगुणा ने डेयरी फार्म के स्वामी रिचर्ड, सुमित काम्बोज व मनोज काम्बोज को धन्यवाद दिया है कि उन्होंने उत्तराखंड के युवकों को न्यूजीलैंड में रोजगार प्रदान किया। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने उत्तराखंड के पशुपालकों को बड़े स्तर पर डेयरी फार्मिंग से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए डेयरी स्वामी सुमित कंबोज व मनोज कांबोज को उत्तराखंड में आमंत्रित किया है। जिसके लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान भी किया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो उत्तराखंड के इच्छुक पशुपालकों को प्रशिक्षण हेतु न्यूजीलैंड भी भेजा जाएगा।

श्री बहुगुणा ने सुमित काम्बोज व मनोज काम्बोज के द्वारा डेयरी फार्मिंग क्षेत्र में किए गए किए गए कार्यों की प्रशंसा की है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया है तथा उत्तराखंड आगमन पर सम्मानित करने की इच्छा व्यक्त की है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.