August 8, 2026

यूनेस्को क्लब दून वैली सैंट्रल एवं उत्तराखंड जैन समाज ने नि:शुल्क चिकित्सा जांच तथा औषधि वितरण शिविर लगाया।

देहरादून 22 नवंबर 2022,

यूनेस्को क्लब दून वैली सैंट्रल एवं उत्तराखंड जैन समाज द्वारा जैन धर्मशाला में संयुक्त रूप से जैन रत्न स्व०सुरेश चन्द जैन की स्मृति में आयोजित नि:शुल्क मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा जांच तथा औषधि वितरण शिविर में 460 मरीजों को जांचोपरांत औषधि अथवा अन्य उपकरण नि: शुल्क वितरित किये गये।

शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विशिष्ट अतिथियों राजपुर विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री खजान दास तथा कैंट विधायक सविता कपूर ने दीप प्रज्जवलन कर किया।

मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने कहा कि स्वस्थ नागरिक स्वस्थ राष्ट्र की नींव के समान हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने इसी दृष्टिकोण से विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना “आयुष्मान भारत योजना” को घर – घर तक पहुंचाया है। इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

श्री जोशी ने अब तक रिकाॅर्ड 141 बार रक्तदान कर चुके अनिल वर्मा की रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें “पुरस्कार” एवं “सर्टिफिकेट ऑफ़ एप्रीसिएशन ” प्रदान करके सम्मानित किया।

राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार प्रदेश के सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में भी अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रयासरत है।

कैंट विधायक सविता कपूर ने यूनेस्को क्लब एवं जैन समाज द्वारा गरीबों, असहाय लोगों तथा दिव्यागों के प्रति मानवीय संवेदना को दृष्टिगत रखकर की जाने वाली सेवाओं की प्रशंसा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ० एन एल अमोली ने कहा कि हमारा उद्देश्य पीड़ितों एवं वंचितों के दुःख- दर्द दूर करने हेतु भरसक प्रयास करना है।

यूनेस्को क्लब के अध्यक्ष डॉ० मुकेश धबलानिया ने बताया कि शिविर में नि:शुल्क चिकित्सा जांच के साथ ही नि:शुल्क औषधि तथा चश्मे, बैसाखी तथा व्हील चेयर आदि वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त गरीब एवं असहाय लोगों को उत्तम क्वालिटी के कंबल भी प्रदान किये गये। कार्यक्रम का संचालन फिजीशियन डॉ० मुकेश गोयल ने तथा धन्यवाद ज्ञापन पीआरओ राजीव सच्चर ने किया।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.