निवेश के नाम पर 27 लाख की ठगी, साइबर आरोपी सोनीपत से गिरफ्तार
उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने निवेश के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक साइबर आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद के रूप में हुई है, जो फर्जी वर्क फ्रॉम होम और निवेश ग्रुप बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था।
एसटीएफ के अनुसार प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर करीब 27.38 लाख रुपये की ठगी की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते से 8 लाख रुपये की निकासी की गई थी।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी फर्जी निवेश ऑफर, टेलीग्राम ग्रुप या ऑनलाइन कमाई के झांसे में न आएं और साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
