मसूरी में वीआईपी रौब झाड़ने पर कार सीज, हूटर-फ्लैशलाइट उतारी गई
देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मसूरी में चेकिंग अभियान के दौरान लाल-नीली फ्लैशलाइट और हूटर लगाकर वीआईपी रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति की कार सीज कर दी। देहरादून पुलिस ने लाइब्रेरी चौक पर काली फिल्म लगी मारुति सियाज कार संख्या RJ-45-CV-6666 को रोका, जिसमें अवैध रूप से फ्लैशलाइट और हूटर लगा हुआ था।
चालक ने खुद को केंद्रीय मंत्रालय का अधिकारी बताकर पुलिस पर प्रभाव बनाने की कोशिश की, लेकिन दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि जाम और टोल टैक्स से बचने तथा वीआईपी ट्रीटमेंट पाने के लिए उसने वाहन में फ्लैशलाइट और हूटर लगवाया था। पुलिस ने मौके पर हूटर और फ्लैशलाइट हटवाकर वाहन को सीज कर दिया।
