August 14, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक

Police

स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ प्रदान किए जाने की घोषणा की है। इनमें आठ पुलिस कार्मिकों को सेवा के आधार पर और छह को विशिष्ट कार्य के लिए इस पदक से सम्मानित किया जाएगा।

सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक

सेवा के आधार पर पदक के लिए चयनित पुलिस कार्मिकों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल शामिल हैं।

इसके अलावा निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय मोहम्मद यासीन और 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चंद्र को भी पदक के लिए चुना गया है।

विशिष्ट कार्य के लिए छह पुलिस कार्मिक चयनित

विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किए जाने वालों में स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल, अभिसूचना/एलआईयू देहरादून और स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार, नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल को मरणोपरांत पदक प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के साथ किए जा रहे कार्यों का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मान से समूचे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी पुलिस कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.