August 14, 2026

उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम, 17 अगस्त तक बारिश का दौर; पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर तेज रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के ताजा जिला-स्तरीय पूर्वानुमान में 14 अगस्त को पौड़ी और पिथौरागढ़ को भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में शामिल किया गया है।

भारी बारिश के कारण संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। इसके साथ ही नदी-नालों और गधेरों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी, जलभराव तथा सड़क और राजमार्गों के बाधित होने की आशंका भी जताई गई है। लगातार बारिश के चलते कुछ स्थानों पर बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में भी भारी बारिश हो सकती है। 16 अगस्त को देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 17 अगस्त को देहरादून, पौड़ी और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

सी एस तोमर, मौसम निदेशक, मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.