June 30, 2026

रोजगार मेले में 39 युवाओं का चयन, 23 दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट

Dehradun

देहरादून। सेवायोजन विभाग की पहल पर सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित लघु रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभागियों का साक्षात्कार लिया, जिसमें 39 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 23 युवाओं को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस रोजगार मेले में कुल 282 युवाओं ने हिस्सा लिया। मेले में विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लैबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल, निर्माण ऑर्गेनाइजेशन समेत 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और योग्यता एवं कौशल के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।

रोजगार मेले में उत्तरकाशी से पहुंचे अभ्यर्थी प्रमोद ने बताया कि उन्हें इस आयोजन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और निजी कंपनियों से सीधे जुड़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

ममता चौहान नेगी, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.