June 24, 2026

पांच गोल्डन ग्लोब पुरस्कार प्राप्त हॉलीवुड अभिनेता माइकल डगलस सत्यजीत रे लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित होंगे।

दिल्ली, प्रतिष्ठित सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रसिद्ध हॉलीवुड अभिनेता और निर्माता माइकल डगलस को 54वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने की है। फिल्म महोत्सव में अभिनेता माइकल डगलस, उनकी पत्नी प्रख्यात अभिनेत्री और समाजसेवी कैथरीन ज़ेटा जोन्स और उनका पुत्र अभिनेता डायलन डगलस सम्मिलित होंगे। भारतीय फिल्म निर्माता और परसेप्ट लिमिटेड तथा सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल के संस्थापक शैलेन्द्र सिंह, जो भारतीय फिल्म उद्योग में अपने 25 साल पूरे होने का समारोह मना रहे हैं, भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि माइकल डगलस का भारत के प्रति प्रेम सर्वविदित है और भारत अपनी समृद्ध सिनेमाई संस्कृति तथा अनूठी परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए उत्सुक है।

सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार की शुरुआत 1999 में 30वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव से हुई है। यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिनके असाधारण योगदान ने सिनेमा की दुनिया को अत्यंत समृद्ध और उन्नत बनाया है। फिल्म उद्योग की दिग्गज शख्सियत माइकल डगलस ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा और कला के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से विश्व स्तर पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।

फिल्म अभिनेता और निर्माता माइकल डगलस का एक उल्लेखनीय करियर रहा है, उन्होंने दो अकादमी पुरस्कार, पांच गोल्डन ग्लोब पुरस्कार और एक एमी पुरस्कार हासिल किया है। ‘वॉल स्ट्रीट (1987)’, ‘बेसिक इंस्टिंक्ट (1992)’, ‘फॉलिंग डाउन (1993)’, ‘द अमेरिकन प्रेसिडेंट (1995)’, ‘ट्रैफिक (2000)’ और ‘बिहाइंड द कैंडेलब्रा (2013) ‘ जैसी अविस्मरणीय फिल्मों में उनकी अद्वितीय भूमिकाओं ने सिनेमा के इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने “वन फ़्लू ओवर द कूकूज़ नेस्ट (1975)”, “द चाइना सिंड्रोम (1979)” और “द गेम (1999)” जैसी समीक्षकों द्वारा प्रशंसित कई फिल्मों का भी निर्माण किया है। 1998 में, परमाणु अप्रसार और छोटे हथियारों तथा हल्के हथियारों के अवैध व्यापार को रोकने सहित निरस्त्रीकरण मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र का शांति दूत नियुक्त किया गया था। विशेष रूप से, उन्हें इस वर्ष की शुरुआत में कान्स फिल्म फेस्टिवल में मानद पाम डी’ओर से सम्मानित किया गया था।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.