June 24, 2026

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ केवल अपनी बात जनता तक पहुंचाने का नहीं जनता की आवाज सुनने का भी मंच: मल्लिकार्जुन खड़गे।

दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू की जाने वाली लगभग छः हजार सात सौ किलोमीटर लंबी “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की है। इस दौरान पार्टी महासचिव जयराम रमेश सहित अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। प्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का मंच एनजीओ, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ने का भी है। यह यात्रा केवल अपनी बात जनता तक पहुंचाने का नहीं बल्कि जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सुनने का भी मंच है।

उन्होंने कहा कि, यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे।” खड़गे ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को जरूरी बताते हुए कहा,‘‘इस बार न्याय होकर रहेगा, हर कमज़ोर को हक़ मिल के रहेगा। बराबरी का हक़, रोज़गार का हक़, सम्मान का हक़। हक के लिए 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक – भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी। हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से जुड़ने के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं, विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के मित्र दलों और सिविल सोसाइटी को आमंत्रित किया है।

प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संदेश दिया ,‘‘हम फिर आ रहे हैं अपनों के बीच,अन्याय और अहंकार के विरुद्ध – ‘न्याय की ललकार’ लेकर। सत्य के इस पथ पर मेरी शपथ है, यात्रा जारी रहेगी, न्याय का हक़, मिलने तक।’

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.