February 6, 2026

The mandate of Lok Sabha elections 2024 will make India the third largest economic superpower of the world. Prime Minister Narendra Modi.

मेरठ, आज मेरठ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं हैं, बल्कि यह विकसित भारत बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा।

प्रधानमंत्री ने मेरठ से लोकसभा चुनाव 2024 अभियान की शुरुआत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सरकार की पिछले दस वर्षों की उपलब्धियां गिनाई और विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि किसानों से नफरत करने वाले इंडिया गठबंधन गठबंधन ने चौधरी चरण सिंह को उचित सम्मान तक नहीं दिया। संसद में चर्चा के दौरान इंडिया गठबंधन ने संसद के अंदर क्या किया, ये पूरे देश ने देखा। जब हमारे छोटे भाई जयंत चौधरी भारत रत्न सम्मान को लेकर संसद में बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई, उन्हें अपमानित करने की कोशिश की गई। कांग्रेस और सपा को घर-घर जाकर इस क्षेत्र के किसानों से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब विश्व में 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है , 25 करोड़ से अधिक लोग सफलतापूर्वक गरीबी से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि मैं आपको गारंटी देता हूं कि जब हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे, तो न केवल गरीबी खत्म हो जाएगी, बल्कि एक नया सशक्त मध्यम वर्ग भारत के विकास को बढ़ावा देगा। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि, हम अगले पांच वर्षों के लिए एक रोडमैप बना रहे हैं। हम अपने अगले कार्यकाल के पहले 100 दिनों में लिए जाने वाले बड़े निर्णयों पर काम कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में विकास की जो गति बनी है, वह और अधिक गति से आगे बढ़ेगी। पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में अयोध्या में भव्य राम मंदिर और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने का जिक्र भी किया। पिछले 10 साल में कई असंभव लगने वाले मील के पत्थर हासिल किए गए हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनना असंभव लगता था, लेकिन अब यह हकीकत है। रोजाना लाखों लोग वहां आते हैं। इस बार अवध में भव्य होली उत्सव हुआ और रामलला ने भी होली खेली। पीएम मोदी ने कहा कि राम मंदिर की तरह ही जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाना असंभव लग रहा था, लेकिन अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया। इससे जम्मू-कश्मीर में तेज गति से विकास हो रहा है। यही कारण है कि लोग हमें 370 सीटों का आशीर्वाद देने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने आर्थिक भ्रष्टाचार के खिलाफ देश भर में चलाइ जा रही कार्रवाई का जिक्र भी किया। विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, बीते 10 वर्षों में देश ने देखा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कितनी बड़ी लड़ाई शुरू की है। मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं, इससे कुछ लोग बौखला गए हैं। वे अपना आपा खो बैठे हैं।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.