June 25, 2026

कांग्रेसियों ने अर्पित की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि 

देहरादून । उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गांधी जी के बताये सत्य एवं अहिंसा के मार्ग ,विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी हमारे पथप्रदर्शक नेता थे। आज देश की सत्ता पर काबिज गोड़से की नीतियों का समर्थन करने वाले लोग गांधी जी के विचारों तथा उनकी नीतियों की हत्या कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने सदैव गांधी जी के विचारों पर चलते हुए महात्मा गांधी जी के सपनों को साकार करने का काम किया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत को भारत से निकालने के लिए अंग्रेजो भारत छोड़ो का नारा दिया जो पूरे देश में गूंजा और इसी नारे को लगाते हुए लाखों नर-नारियों ने देश की आजादी के लिए बढ़चढ़ कर भाग लिया जिसे देखकर बिटिश हुकूमत भयभीत हो गई और आन्दोलन को क्रूरता से दबाना शुरू कर दिया। अंग्रेजी हूकूमत ने आजादी के दिवानो पर लाठियां तथा गोलियां बरसानी शुरू कर दी जिसमें अनेकों स्वतंत्रता सेनानी शहीद हुए तथा कई जेल में डाल दिये गये। इसके बावजूद आजादी के दिवानों ने हार नहीं मानी और दृढ निश्चय के साथ देश की आजादी के लिए संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते चले गये तथा देश को आजादी दिलाई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस पार्टी सदैव राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी द्वारा दिखाये जाने वाले मार्ग पर चलने वाली पार्टी है तथा आज भी विश्व में गांधी जी के विचार प्रासांगिक हैं। सारा विश्व गांधी जी के विचारों पर चलना चाहता है। हमें राष्ट्र के स्वतंत्रता आन्दोलन के स्वतंत्रता सेनानियों को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी जी के पद चिन्हों का अनुसरण करने वाली पार्टी है। कांग्रेस पार्टी के लोग अपने को उनकी विरासत का वाहक और हकदार मानते हैं। हमें उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए, यही हमारी उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस असवर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने अन्याय व अत्याचारों के विरूद्ध लोकतांत्रिक व अहिंसात्मक तरीके से सत्याग्रह करने की राह दिखाई है। उनके पद चिन्हों में चलकर हमें देश को उन्नति की ओर ले जाने का काम करना है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, सुनीता प्रकाश, मोहन काला, प्रतिमा सिंह, गोपाल सिंह गडिया, देवेन्द्र सिंह, दिनेश चौहान, आदर्श सूद, निहाल सिंह, प्रशान्त खण्डूरी, अनिल नेगी, एडबोकेट प्रेम सिंह सौन, अनुराधा तिवाडी, कै. शोवन सिंह सजवाण, गुल मोहम्मद, मनीश गोनियाल आदि उपस्थिति रहे।

 

Congressmen paid tribute to the father of the nation Mahatma Gandhi

कांग्रेसियों ने अर्पित की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.