श्रीनगर दौरे पर रहेंगे मंत्री धन सिंह रावत, विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री, 4 और 5 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि 4 मई को वह श्रीनगर स्थित पुलिस सभागार में नगर निगम की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा, सीवर लाइन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद वह पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अपने दौरे के दौरान मंत्री कठबद्दी मेला में भी भाग लेंगे और कोठगी, खण्डखिल, चोपड़ा, छोया-बग्याली व चैंरीखाल-गोदा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा वह बूंखाल स्थित कालिंका मंदिर में दर्शन कर मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
5 मई को मंत्री खिर्सू विकासखंड के सभागार में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। बैठक में कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, सहकारिता और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
दौरे के दौरान डॉ. रावत खिर्सू में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और कठुली में राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रयोगशाला व सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही सिंगोरी, मिदाणगांव, थापला, चिमन्यूं, जाख, असिंगी, दांदणी, चमराड़ा, नयालगढ़ और खालू सहित कई गांवों में जनसंपर्क कर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे।
इस दौरे को क्षेत्रीय विकास कार्यों की गति तेज करने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
