May 5, 2026

देहरादून: राष्ट्रीय नेताओं से ठगी करने वाले अन्तर्राज्जीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार

दून पुलिस ने एक ऐसे अन्तर्राज्जीय ठग गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है, जो खुद को राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी की गिरफ्तारी जाखन क्षेत्र से की गई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब भावना पांडे नामक एक महिला जनप्रतिनिधि ने राजपुर थाने में 3 मई को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कनिष्क सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी के वरिष्ठ नेता का निजी सचिव बताते हुए उन्हें उत्तराखंड में सर्वे और पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले उसने 25 लाख रुपये की मांग की और 13 अप्रैल को अपने एक साथी को उनके राजपुर रोड स्थित आवास पर भेजकर पूरी रकम वसूल ली।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कई राज्यों में सक्रिय है और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों को निशाना बनाता है। सूचना मिली कि वह जाखन स्थित पैसिफिक मॉल क्षेत्र में फिर से पैसे लेने आने वाला है, जिसके आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर, पंजाब निवासी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वर्ष 2017 में जयपुर में दो नेताओं को विधायक का टिकट दिलाने के नाम पर उनसे क्रमशः 1 करोड़ 90 लाख और 12 लाख रुपये ठगे। इसके अलावा वर्ष 2025 में पटना में भी एक नेता से पार्टी में पद दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपये ऐंठे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। फिलहाल उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है और उसके नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा राजनीतिक पद या टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने पर सतर्क रहें और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.