राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में शामिल होंगे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री Ganesh Joshi ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में कृषि विकास और किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
भेंट के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने राज्य में घेरबाड़ योजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा घोषित 90 करोड़ रुपये की धनराशि के क्रम में प्रथम किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से राज्य के किसानों को फसलों की सुरक्षा और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जून माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।
गणेश जोशी ने बताया कि आगामी खरीफ सत्र को ध्यान में रखते हुए आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में प्रदेशभर के किसानों के साथ कृषि वैज्ञानिकों, स्टार्ट-अप्स, उद्यमियों और विभागीय स्टॉलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और नई योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन “प्रयोगशाला से खेत तक” की अवधारणा को मजबूत करेगा और किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को नई दिशा देगा।
