July 21, 2026

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी, पाबौ और खिर्सू क्षेत्र के भ्रमण के दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पाबौ क्षेत्र में मंत्री ने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिडोली विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। इसके अलावा राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसीणा में 9.14 लाख रुपये की लागत से होने वाले भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा 2.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए जाने वाले मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस कार्य का भी शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की आधारशिला है। राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पिनाकोट, बगाड़ियूं, स्योली तल्ली और स्योली मल्ली के ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

खिर्सू क्षेत्र में डॉ. रावत ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोबरी में 30.70 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर निवेश कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं और किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.