June 19, 2026

रायवाला में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार, किशोर संरक्षण में लिया गया

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। वहीं मामले में शामिल एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली रायवाला की पुलिस टीम ने 16 जून 2026 को प्रतीतनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस ने प्रतीतनगर तिराहे से मिडवे होटल जाने वाले पुराने रास्ते पर स्काउट गाइड ग्राउंड के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास पुत्र सुरेश राणा निवासी खैरी खुर्द, रायवाला के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 19 वर्ष बताई गई है।

बरामदगी में ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की के 14 हाफ, इंपीरियल ब्लू व्हिस्की के 96 पव्वे, डर्क 11000 बीयर के 24 कैन तथा बीयांग बीयर के 24 कैन शामिल हैं। पुलिस ने शराब तस्करी में लिप्त एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब, चरस, स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.