17 से 26 जून तक चलेगा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, जनपद में होंगे व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में 17 जून से 26 जून 2026 तक “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” विषय पर विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से जिलेभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के निर्देशानुसार जनपद के सभी विकासखंडों, बहुउद्देशीय शिविरों, पंचायत स्तरीय बैठकों तथा विभिन्न संस्थानों में नशा मुक्ति से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून तक फुटबॉल, वॉलीबॉल और मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें लगभग 400 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
इसके बाद 21 से 26 जून तक प्रत्येक विकासखंड स्तर पर रैली, दौड़ प्रतियोगिता, वॉकाथॉन, भाषण प्रतियोगिता, योग प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान तथा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत राजकीय डॉ. भीमराव आंबेडकर बालक छात्रावास कण्डोली, महिला आईटीआई परिसर, राजकीय नशा मुक्ति केन्द्र रायवाला, सीआईएमएस तथा यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं नशा मुक्ति केंद्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नशे से प्रभावित और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि नशा उन्मूलन के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, वीडियो और व्यय विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।