June 19, 2026

देहरादून में 29 जून को लगेगा रोजगार मेला, 85 पदों पर होगी भर्ती

देहरादून। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 29 जून 2026 को प्रातः 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां, बायोडाटा, सेवायोजन पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना आवश्यक है। इसके लिए 16 जून 2026 से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों का अभी तक सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण नहीं हुआ है, वे निर्धारित तिथि से पूर्व अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।

रोजगार मेले के माध्यम से फार्मा, बायो-मेडिसिन, लैबोरेट्री, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सेल्स और टेक्निकल क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया में पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

सेवायोजन विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता और अनुभव के आधार पर 12,300 रुपये से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतनमान प्रदान किया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून से संपर्क कर सकते हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.