मिशन-2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर गठित हुईं कोर कमेटियां
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने मिशन-2027 की तैयारियों को गति देते हुए संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों में कोर कमेटियों का गठन कर दिया गया है। इन कमेटियों की बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है, जिनमें आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है।
भाजपा का मानना है कि कोर कमेटियों के गठन से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा चुनावी तैयारियों को समय रहते मजबूती मिलेगी। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में गठित कोर कमेटियां पार्टी की संगठनात्मक एवं चुनावी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होंगी।
उन्होंने बताया कि इन कमेटियों में सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, महापौर, नगर निकाय अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, दायित्वधारी, जिला अध्यक्ष तथा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों को शामिल किया गया है। स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुसार सदस्यों की संख्या अलग-अलग हो सकती है।
कुंदन परिहार ने कहा कि इन कोर कमेटियों का मुख्य उद्देश्य शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को एक सूत्र में पिरोना है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं कमेटियों के माध्यम से निभाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कोर कमेटियों का गठन पूर्ण हो चुका है और उनकी नियमित बैठकें भी प्रारंभ हो गई हैं। बैठकों में स्थानीय मुद्दों की पहचान, संगठन विस्तार, नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि यह नई व्यवस्था न केवल पार्टी कार्यक्रमों को गति प्रदान करेगी, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
