Recent Posts

September 21, 2026

जंगल की आग बुझाकर लौट रहे वन बीट अधिकारी की खाई में गिरकर मौत, रवांई घाटी में शोक की लहर

नौगांव/उत्तरकाशी। टौंस वन प्रभाग पुरोला के ठड़ूंग बीट अंतर्गत कक्ष संख्या-04 में जंगल में लगी आग बुझाने गए वन विभाग के एक कर्मचारी की ड्यूटी से लौटते समय दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम देर रात आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची थी। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के उपरांत वन बीट अधिकारी सोहन सिंह रावत (30) पुत्र सुरवीर सिंह रावत, निवासी ग्राम मंजियाली, तहसील बड़कोट अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे और दुर्गम रास्ते में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरे।

हादसा इतना गंभीर था कि सोहन सिंह रावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वहीं, जवान वनकर्मी की असामयिक मृत्यु की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिवंगत वन बीट अधिकारी जंगलों और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते थे। ड्यूटी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को क्षेत्र के लोग हमेशा याद रखेंगे।

टौंस वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी. बलूनी ने सोहन सिंह रावत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग ने एक कर्मठ और जिम्मेदार अधिकारी खो दिया है। वहीं ग्राम प्रधान द्रविड़ कोहली एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सोहन सिंह रावत ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पर्यावरण और जंगलों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

वनकर्मी की मौत की खबर से पूरी रवांई घाटी में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.