August 19, 2026

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत बरकरार रहेगी:जमानत पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने किया इंकार,

Delhi 03 July 2026,

इंदौर मध्य प्रदेश के कारोबारी परिवार के लोमहर्षक राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की मेघालय हाईकोर्ट से मिली जमानत बरकरार रहेगी। सुप्रीम कोर्ट ने आज शुक्रवार को मेघालय हाईकोर्ट द्वारा दी गई जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि, हमें हाईकोर्ट के फैसले पर कुछ आपत्तियां हैं लेकिन सोनम जेल से बाहर आ चुकी है, इसलिए हम उसकी जमानत पर रोक नहीं लगाएंगे।

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की अवकाशकालीन पीठ ने मेघालय हाईकोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती देने वाली मेघालय सरकार की याचिका पर सुनवाई की। इस दौरान मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा- यह सुनियोजित हत्या का मामला है। सोनम ने 4 साथियों के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की हत्या की, फिर शव को खाई में फेंक दिया था। घटना के बाद फरार हो गई। बाद में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।

सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कहा, पहले इसी मामले में जमानत मेरिट के आधार पर खारिज हो चुकी थी। बाद में इस तकनीकी गलती को आधार बनाकर राहत दे दी गई।हाईकोर्ट ने इसी आधार पर जमानत दी है। ट्रांजिट रिमांड देते समय भी इसका रिकॉर्ड मौजूद है। जबकि सुप्रीम कोर्ट स्पष्ट कर चुका है कि ऐसी लिपिकीय गलती, जिससे आरोपी को कोई वास्तविक नुकसान न हुआ हो, जमानत का आधार नहीं बन सकती।

जस्टिस सुंदरेश ने सोनम की तरफ से पेश वकील से पूछा कि गिरफ्तारी के आधार पहले ही बताए जा चुके थे। शुरुआती जमानत याचिकाओं में यह मुद्दा कभी नहीं उठाया गया। फिर अचानक इसी तकनीकी आधार पर जमानत कैसे मांगी गई? क्या केवल गलत धारा लिखे जाने के कारण हाईकोर्ट का जमानत देना सही फैसला था। सोनम की पैरवी कर रहे वकील ने दावा किया कि सोनम को कभी गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए गए। तब जस्टिस सुंदरेश ने कहा- यदि ऐसा था तो यह आपत्ति पहले क्यों नहीं उठाई गई?

बता दें कि, 11 मई 2025 को इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए मेघालय गए। वहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद 23 मई 2025 को दोनों अचानक लापता हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। 3 जून 2025 को पुलिस ने मेघालय की एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद किया। इसके बाद जब जांच एजेंसियों ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की, तो हनीमून की आड़ में रची गई हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच के दौरान इस बहुचर्चित हत्याकांड में राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की भूमिका मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल सोनम जमानत पर है, और शिलांग में हैं।

 

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.