रुड़की में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने चलते समय अचानक एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी सवार युवक ने फुर्ती दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
आपको बता दें कि शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में उसमें आग भड़क उठी। खतरे को भांपते हुए आशु कुमार तुरंत स्कूटी से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई।देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। सड़क पर गुजर रहे लोग भी घबरा गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
