July 17, 2026

हरेला पर्व पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मिले कुर्मांचल परिषद के पदाधिकारी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Harela

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर कुर्मांचल सांस्कृतिक कल्याण परिषद, हाथीबड़कला शाखा के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान परिषद के सदस्यों ने मंत्री को हरेला पर्व की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए पारंपरिक रूप से आशीर्वाद प्रदान किया।

भेंट के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और हरियाली को बढ़ावा देने का पर्व है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने परिषद के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे पारंपरिक पर्व समाज को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि हरेला के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बड़ा कदम होगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.