July 17, 2026

रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मिली मंजूरी, सप्ताह में दो दिन चलेगी सेवा

Dehradun

उत्तराखण्ड के कुमाऊँ क्षेत्र को राजधानी देहरादून से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद इस नई ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में इसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

नई एक्सप्रेस सेवा से उत्तराखण्ड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्र, किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा और अन्य यात्री अब एक ही दिन में देहरादून या हरिद्वार जाकर अपने आवश्यक कार्य निपटाकर वापस लौट सकेंगे।

पर्यटन और धार्मिक यात्रा की दृष्टि से भी यह ट्रेन बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर तथा सीतावनी (सीतामढ़ी) जैसे धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। वहीं हरिद्वार और देहरादून से आगे बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित होगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी (2AC), एसी तृतीय श्रेणी (3AC), एसी चेयर कार (CC), शयनयान (Sleeper), द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.