July 26, 2026

कारगिल विजय दिवस पर ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन का आयोजन, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी

marathon

देहरादून में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, पूर्व सैनिकों, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों और दुर्गम पहाड़ियों पर दुश्मन को परास्त कर तिरंगा फहराया और देश को ऐतिहासिक विजय दिलाई।

सीएम धामी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में निर्णायक जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में ऊंचा किया और उनका त्याग सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि कारगिल के वीर सपूतों के साहस, राष्ट्रभक्ति और समर्पण से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि मैराथन में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि देश के सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना आज भी उतनी ही मजबूत है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कारगिल के शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। आयोजन देशभक्ति के उत्साह और शहीदों के प्रति सम्मान के माहौल में संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.