August 7, 2026

देवप्रयाग स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बोलेरो खाई में गिरी; एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

Accident

पौड़ी-देवप्रयाग स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुण्डाधार के समीप उस समय हुआ, जब बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार जनपद के लक्सर से पौड़ी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कुण्डाधार के पास वाहन चालक दूसरे वाहन को पास देने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह क्रैश बैरियर तोड़ते हुए सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल एक बच्चे को तत्काल रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से सभी शवों को बाहर निकाला गया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दूसरे वाहन को पास देते समय वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.