दून विश्वविद्यालय को सीएम धामी की सौगात, केंद्रीय पुस्तकालय और बायोलॉजिकल साइंस लैब का लोकार्पण
दून विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनिर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन और स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंस के प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं और नई सुविधाओं को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन का नाम भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा गया है। यह पुस्तकालय छात्रों के लिए अध्ययन और ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंस के लिए तैयार अत्याधुनिक प्रयोगशाला भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन में विज्ञान के छात्रों को कक्षाओं के साथ-साथ शोध कार्यों के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर दून विश्वविद्यालय में एफएम रेडियो की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि एफएम रेडियो के माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी अपनी बात, विचारों और रचनात्मक कार्यों को सीधे आम जनता तक पहुंचा सकेंगे। यह पहल विद्यार्थियों को संवाद कौशल विकसित करने और अपनी प्रतिभा को मंच देने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल के लिए दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शुरू की जा रही नई सुविधाएं विद्यार्थियों की शिक्षा, शोध और रचनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने में सहायक होंगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री उत्तराखंड
