सांप्रदायिक उन्माद और रेवड़ी कल्चर की होड़ में सबसे अधिक उपेक्षा युवाओं के शिक्षा और रोजगार की हुई है: मल्लिकार्जुन खड़गे,
Delhi 19 August 2026,
काग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के दौरान अपने संबोधन में कहा कि, कुछ बेहद ज्वलंत मुद्दों पर हमें आपस में चिंतन मनन करना है। आज हमारी सामूहिक चिंता का सबसे बड़ा बिंदु युवा हैं। खड़गे ने कहा कि दुनिया का सबसे युवा देश भारत ही है। और युवा हमारा भविष्य हैं। लेकिन सरकार की गलत नीतियों ने हमारे युवाओं को भारी हताशा के दलदल में धकेल दिया है। सांप्रदायिक उन्माद और रेवड़ी कल्चर की होड़ में सबसे अधिक उपेक्षा युवाओं के शिक्षा और रोजगार की हुई है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा, राजीव गांधी ने युवाओं को बड़ी भूमिका मिले, इस इरादे से चुनावों में मतदान करने की उम्र 21 साल से घटा कर 18 साल की। देश के हर जिले में नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क खड़ा किया। उन्होंने व्यापक विचार मंथन के बाद जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार कराई, उसमें डिग्री के साथ रोजगार और कौशल विकास को जोड़ा था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं और कमजोर तबकों को इसमें खास जगह मिली। इन बातों को हमारी आगे की सरकारों ने आगे बढाया। कांग्रेस गठबंधन की यूपीए सरकार में शिक्षा अधिकार से लेकर संस्थाओं के निर्माण औऱ विकास को गति मिली है। लेकिन हमारे कई साथी, इन बातों को मजबूती से नहीं रखते हैं, जबकि ये हमारी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
खड़गे ने कहा कि, सूचना प्रोद्योगिकी और संचार क्रांति की भी बड़ी उपलब्धि है। जिसने 21वीं सदी के भारत को शक्ति दी। आजादी के बाद से कांग्रेस के व्यापक प्रयासों की ही देन से देश में सस्ती और सुलभ शिक्षा मिली, जिससे सामाजिक-आर्थिक विकास का रास्ता गरीब औऱ कमजोर तबकों के लिए खुला है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने युवाओं के भविष्य को तबाह कर दिया है। नये स्कूल खुलने की जगह 94 हजार स्कूल बीते सालों में बंद हो गए हैं। निजीकरण की होड़ में उच्च शिक्षा लगातार महंगी और आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। इन मुश्किल हालात में पढ़ लिख कर युवा नौकरी की तलाश में निकलता है, तो पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में घोटाला और नियुक्तियों में देरी से उसका नौकरी पाने का सामना होता है। भाजपा सरकार के पास युवाओं की बातें सुनने की फुरसत नहीं है।
इसके अलावा कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के दौरान, पिछले दिनों चीन द्वारा भारतीय सीमा में अतिक्रमण किए जाने, अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में प्रधानमंत्री मोदी का मौन रहने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। खड़गे ने कार्यसमिति की बैठक में कहा, हमें इन विषयों पर गंभीरता से विचार करने के साथ देश के सामने विकल्प, नीति और समाधान भी रखना होगा। हमारा भरोसा है कि आप सभी इन बातों पर चिंतन और मनन करेंगे। क्योंकि तत्काल हमारे सामने पांच राज्यों के चुनाव हैं। उसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।
