September 4, 2026

BCRM स्कूल के पास दिखा गुलदार, गन्ने के खेत में छिपा; ग्रामीणों में दहशत

Leopard

लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बेरीपड़ाव-दुर्गापालपुर परमा स्थित ग्राम सभा हिम्मतपुर चौम्वाल में गुरुवार सुबह करीब छह बजे गुलदार दिखाई देने से हड़कंप मच गया। BCRM स्कूल के पास नजर आए गुलदार की मौजूदगी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार, नजदीकी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी का अचानक गुलदार से सामना हो गया। बताया जा रहा है कि गुलदार ने पुजारी को देखकर गुर्राना शुरू कर दिया। इससे घबराए पुजारी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों और राहगीरों ने एकजुट होकर शोर मचाया तो गुलदार वहां से निकलकर पास के गन्ने के खेत में जा घुसा। गुलदार के खेत में छिपे होने की सूचना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सता रही है।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दे दी है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां सामने आने से लोगों में भय बना हुआ है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.