सैन्यधाम के उद्घाटन का इंतजार जल्द होगा खत्म, महीने के अंत या अगले माह हो सकता है शुभारंभ
उत्तराखंड के वीर सैनिकों की शौर्यगाथा और बलिदान को समर्पित सैन्यधाम के उद्घाटन का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि सैन्यधाम का उद्घाटन इसी महीने के अंत या अगले महीने की शुरुआत में किया जा सकता है।
गणेश जोशी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सैन्यधाम के उद्घाटन को लेकर लगातार केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से हरी झंडी मिलने और उद्घाटन के लिए केंद्र से आने वाले अतिथि के नाम तय होने के बाद सैन्यधाम को विधिवत जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों के सम्मान और उनके शौर्य एवं बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यहां प्रदेश के वीर सैनिकों के योगदान और देश की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान को सम्मान के साथ प्रदर्शित किया जाएगा।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि सैन्यधाम केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। इसका उद्देश्य युवाओं को वीर सैनिकों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा दिलाना तथा देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।
गणेश जोशी, सैनिक कल्याण मंत्री, उत्तराखंड
