October 23, 2026

खुशहालपुर में चला प्रशासन का बुलडोजर, हिस्ट्रीशीटरों के अवैध निर्माण ध्वस्त

bulldozer

पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आधा दर्जन से अधिक मकानों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की।

प्रशासन के मुताबिक, जिन संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वे ऐसे लोगों से जुड़ी बताई गई हैं, जिनके खिलाफ गोहत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई जिला अधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में की गई।

प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले संबंधित संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई थी और संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे। प्रशासन के अनुसार, सरकारी भूमि पर कथित रूप से कब्जा करने वाले कई लोग बाहरी राज्यों से आकर क्षेत्र में बसे थे और कुछ के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के मामले दर्ज हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए लोग पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके खिलाफ गोहत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे सहित कई मामले दर्ज हैं।

डीएम आशीष चौहान से मिली जानकारी के अनुसार, खुशहालपुर में कथित गो तस्करी के मामलों में आरोपी आमिर, जिसके खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं, के मकान को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके अलावा मेहराज के खिलाफ 8, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ 8, मोहसिन के खिलाफ 15 और फैजान के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं कौसर के खिलाफ ड्रग्स से जुड़े 2 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इन सभी के खिलाफ सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की गई।

सीएम धामी के निर्देश पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि बाहरी राज्यों से आए कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और गोहत्या व ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, संबंधित लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की जांच के बाद कई तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में विधि सम्मत कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है और सरकारी भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पछुवा देहरादून क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.