महेंद्र भट्ट समेत भाजपा नेताओं पर बेंगलुरु में जीरो FIR, हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ मामले ने पकड़ा तूल
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित विधान सौध थाने में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। मामला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद भाजपा नेताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में आदिवासी कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष टी.आर. रामप्पा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा नेताओं ने अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का सार्वजनिक रूप से अपमान किया और इस तरह जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से ऐसा कोई बयान या प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई, जिससे यह साबित हो कि भाजपा ने शुद्धिकरण कराया है। भट्ट के मुताबिक, शुद्धिकरण का कार्य एक स्वयंसेवी संस्था की ओर से किया गया था और भाजपा का इससे कोई संबंध नहीं है।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने खरगे को गलत जानकारी देकर सामाजिक विद्वेष फैलाने का प्रयास किया है।
भट्ट ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले का राजनीतिक जवाब देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी देगी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में ‘समरसता और सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने देगी।
महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
