कुमाऊं विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, सतपाल बिष्ट संभालेंगे जिम्मेदारी
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। सतपाल बिष्ट को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। वह जल्द ही कुलपति का पदभार ग्रहण करेंगे। खास बात यह है कि सतपाल बिष्ट ने इसी विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की और बाद में यहीं शिक्षक के रूप में सेवाएं भी दीं। अब वह इसी विश्वविद्यालय की कमान कुलपति के रूप में संभालेंगे।
नैनीताल में मीडिया से बातचीत के दौरान नवनियुक्त कुलपति सतपाल बिष्ट ने अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शोध और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी विशेष रूप से काम किया जाएगा।
सतपाल बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय में रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष फोकस किया जाएगा, ताकि पहाड़ के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसी शिक्षा और पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा, जो वर्तमान जरूरतों के अनुरूप हों।
नवनियुक्त कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दौर है, लेकिन तकनीक लगातार बदल रही है। ऐसे में विश्वविद्यालय का प्रयास रहेगा कि छात्रों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और बदलावों के लिए तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, शोध, रोजगारपरक पाठ्यक्रम और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए कुमाऊं विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सतपाल बिष्ट, नवनियुक्त कुलपति, कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल
