September 7, 2026

मसूरी में अवैध निर्माण पर MDDA का बड़ा एक्शन, रॉक स्टोन बिल्डिंग की चार दुकानें ध्वस्त

demolished

अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग में अनधिकृत रूप से निर्मित चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही।

कार्रवाई के दौरान मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन, नगर पालिका और मसूरी पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार संदीप मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा द्वारा अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग में चार दुकानों का कथित रूप से अनधिकृत निर्माण किया गया था। अवैध निर्माण को लेकर प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

15 दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद कार्रवाई

नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रॉक स्टोन बिल्डिंग में बनी चार दुकानों के ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे।

उन्होंने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं को अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था, जिसकी अवधि 2 सितंबर को पूरी हो गई थी। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर पालिका और मसूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।

अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन और प्राधिकरण की इस कार्रवाई से शहर में अनधिकृत निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

उपेंद्र राणा नायाब तहसीलदार

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.