पीएम मोदी के 25 वर्ष के सत्ता एवं सेवा संकल्प पर भाजपा महिला मोर्चा चलाएगा विशेष अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता एवं सेवा-संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने जा रहा है। अभियान के तहत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर बच्चों, अभिभावकों और लाभार्थी महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी।
उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से सभी प्रदेशों को करीब 11 विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा दी गई है। इनमें महिला मोर्चा को मुख्य रूप से आंगनबाड़ी स्तर पर महिलाओं से सीधा संवाद और जुड़ाव स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का उत्सव’
रुचि भट्ट ने बताया कि अभियान के तहत ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए महिलाओं को किसी मंच या सभागार में बुलाने के बजाय महिला मोर्चा की कार्यकर्ता स्वयं आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगी और वहीं कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों के अभिभावकों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही मातृत्व लाभ सहित आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रही महिलाओं से संवाद किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण और पोषण योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण, मातृत्व लाभ और पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महिला मोर्चा कार्यकर्ता लाभार्थियों से योजनाओं के लाभ और उनकी समस्याओं को लेकर भी संवाद करेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के अनुसार, अभियान को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे प्रदेशभर में धरातल पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और परिवारों तक सीधे पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
रुचि भट्ट प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा उत्तराखंड
