September 9, 2026

उत्तराखंड में SIR को लेकर बड़ा अपडेट, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

Meeting

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और राजनीतिक दलों से सुझाव भी लिए गए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी है। इससे SIR प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

24.29 लाख से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को जारी नोटिसों के सापेक्ष अब तक 24 लाख 29 हजार से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

वहीं, फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों में भी 40 प्रतिशत से अधिक मामलों की सुनवाई पूरी कर ली गई है।

DSE/PSE मॉड्यूल से समान प्रविष्टियों की होगी पहचान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को बताया कि प्रदेश में डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री (DSE) एवं फोटो सिमिलर एंट्री (PSE) मॉड्यूल लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से मतदाता सूची में समान जनसांख्यिकीय विवरण अथवा समान फोटो वाली प्रविष्टियों की पहचान की जाएगी।

मॉड्यूल के तहत जिन मतदाताओं के नाम समान प्रविष्टियों में पाए जाएंगे, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। प्राप्त जवाब और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और राजनीतिक दलों की सहभागिता के साथ SIR प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.