चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने नेताओं को दिए जरूरी निर्देश
उत्तराखंड कांग्रेस की विशाल रैली के बाद प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने आज कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि चुनाव का समय अब नजदीक आ गया है। ऐसे में पार्टी की गतिविधियां लगातार जारी हैं और संगठन के नेताओं के साथ बैठकें भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूदा सरकार से त्रस्त हैं और अब समय आ गया है कि सरकार को बदला जाए।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने बीते दिन आयोजित कांग्रेस की विशाल रैली को सफल बताते हुए कहा कि इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ ही आम जनता का भी व्यापक सहयोग मिला।
वहीं, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने बैठक को लेकर कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी, पेपर लीक समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाएगी। उन्होंने हाल ही में हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण और दलित अपमान से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया।
मदन लाल ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होने के बाद इसकी विस्तृत जानकारी मीडिया के सामने रखी जाएगी। बैठक को आगामी चुनाव की तैयारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुमारी शैलजा, प्रदेश प्रभारी उत्तराखंड कांग्रेस
मदन लाल, अध्यक्ष अनुसूचित विभाग प्रदेश कांग्रेस
