अधोईवाला में 3.35 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने मंगलवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला में विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की ओर से स्वीकृत 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान 60 बेड के छात्रावास और क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया, जबकि आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजानदास कर्मठ और जनप्रिय नेता हैं। वह निरंतर प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। उनके प्रयासों से ही आज क्षेत्र में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास संभव हो पाया है।
इस अवसर पर मंत्री खजानदास ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति परिसर में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेड के छात्रावास और 44.93 लाख रुपये की लागत से तैयार क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया है।
इसके अलावा 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चाहरदीवारी निर्माण, 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास की मरम्मत एवं साज-सज्जा सहित परिसर में नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था के तहत पेंशन, छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी अनुदानों का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में किया जा रहा है।
मंत्री खजानदास ने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर अधोईवाला में विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ लगातार उठाते रहे हैं। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास के प्रति उनकी सक्रियता का ही परिणाम है कि आज यहां विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध और ताजा भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सुथरे बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।
