November 17, 2026

27 नवंबर से सजेगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल, एआर रहमान और शबाना आजमी समेत जुटेंगी दिग्गज हस्तियां

Press Confrence

राजधानी देहरादून एक बार फिर साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला के बड़े आयोजन की गवाह बनने जा रही है। देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (DDLF) का आयोजन 27 से 29 नवंबर 2026 तक दून इंटरनेशनल स्कूल में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां हिस्सा लेंगी। इस बार महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है।

महोत्सव में मशहूर संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली और विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह, राज बब्बर और कुब्रा सेठ सहित कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी। आयोजन का प्रमुख आकर्षण एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच होने वाला विशेष संवाद होगा। इसमें सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

वहीं, 29 नवंबर को विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज की विशेष संगीत प्रस्तुति महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। इस कार्यक्रम से जुटाई जाने वाली धनराशि उत्तराखंड के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए खर्च की जाएगी।

साहित्य प्रेमियों के लिए भी इस बार महोत्सव खास रहने वाला है। मशहूर लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके विशेष चित्रांकित संस्करण का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा साहित्यिक सम्मान, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुतियां और संगीत संध्याएं भी आयोजित की जाएंगी।

आयोजकों के मुताबिक, इस बार महोत्सव को केवल साहित्य और मनोरंजन तक सीमित न रखकर सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल आयोजन को सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती है।

महोत्सव में सभी के लिए प्रवेश खुला रहेगा और पंजीकरण निःशुल्क होगा। साहित्य, कला, संगीत और सिनेमा के दिग्गजों की मौजूदगी से देहरादून के सांस्कृतिक और साहित्यिक माहौल को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

विशाल भारद्वाज, फिल्म डायरेक्टर।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.