देहरादून: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पोर्टल पर दर्ज कराया जनगणना का विवरण
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान में भागीदारी करते हुए सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण दर्ज कराया। उन्होंने स्व-गणना पोर्टल के जरिए स्वयं की जानकारी भरकर डिजिटल जनगणना अभियान के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रक्रिया में सहभागिता की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जरूरतों के आकलन और संसाधनों के बेहतर नियोजन में मददगार साबित होते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपना विवरण स्वयं दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की व्यवस्था प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
