उत्तराखंड: चारधाम शीतकालीन यात्रा शुरू, सीमांत क्षेत्रों में बढ़ेंगी पर्यटन गतिविधियां
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के समापन के साथ ही शीतकालीन यात्रा का आगाज हो गया है। अब श्रद्धालु सर्दियों के दौरान चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे। गंगोत्री के दर्शन मुखबा, यमुनोत्री के खरसाली, केदारनाथ के ऊखीमठ और बदरीनाथ की चल विग्रह डोली के दर्शन पांडुकेश्वर एवं ज्योतिर्मठ में होंगे।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि शीतकालीन यात्रा शुरू होने से प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शीतकाल में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के द्वार खुले रहेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महाराज ने सीमांत क्षेत्रों में बढ़ते पर्यटन का उदाहरण देते हुए दमा वैली का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में होमस्टे संचालित हो रहे हैं और पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। इससे सीमांत गांवों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने होमस्टे संचालकों से पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की। कहा कि पर्यटकों को अच्छा अनुभव मिलने से शीतकाल में भी पर्यटन गतिविधियां जारी रहेंगी और उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड
