June 23, 2026

एसआईटी ने नोवस लैब के मैनेजर से घंटों पूछताछ की

 

कुंभ में कोरोना जांच के नाम पर हुए घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने अब सभी लैबों की जांच करनी शुरू की

एस बी टी न्यूज उत्तराखंड

हरिद्वार। कुंभ में कोरोना जांच के नाम पर हुए घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने अब सभी लैबों की जांच करनी शुरू कर दी है। पहले दिन एसआईटी ने हरिद्वार की नोवस लैब के मैनेजर से घंटों पूछताछ की। नोवस लैब ने कुंभ मेले के अलावा जिलास्तर पर भी जांच की थी।

घोटाले की शिकायत आने के बाद अब तक एसआईटी टीम ने मैक्स फर्म की ओर से नलवा लैब हिसार व डॉक्टर लाल चंदानी लैब दिल्ली के टेंडर की जांच की थी। जबकि इसके अलावा 10 और लैब ने कुंभ में टेस्टिंग की थी। जांच में घोटाला पकड़ने के बाद पुलिस ने आरोपी आशीष वशिष्ठ को गिरफ्तार किया था। अब दूसरे नंबर अत्याधिक जांच करने वाली नोवस लैब से पूछताछ शुरू हो चुकी है। इस लैब ने हरिद्वार के 10 स्थानों में जांच की थी। करीब 56 हजार जांच नोवस लैब ने की है।

बुधवार की दोपहर को एसआईटी टीम ने लैब की ओर से कुंभ मेले में कामकाज देखने वाले मैनेजर को नोटिस देकर बुलाया और घंटों पूछताछ की। जांच करने की प्रक्रिया से लेकर पोर्टल पर अपलोड और आईडी के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा रुड़की की एक और लैब से एसआईटी पूछताछ कर सकती है।

एसआईटी के अधिकारियों का कहना है कि सभी लैबों की जांच की जा रही है। जल्द ही पुलिस नोवस लैब के कर्मचारियों के अलावा कई अन्य लोगों को पूछताछ के लिए बुला सकती है। जबकि कई अन्य लैब को पूछताछ के लिए नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.