भूस्खलन से उत्तरकाशी-गंगोत्री हाईवे बंद

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी

एस बी टी न्यूज उत्तराखंड

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। ऐसे में अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण सिलक्यारा इलाके के पास उत्तरकाशी-गंगोत्री हाईवे बंद हो गया है। वहीं, बीआरओ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और टीम द्वारा राजमार्ग को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल के बताया कि बीते दिन से जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। ऐसे में सिल्क्यारा के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण उत्तरकाशी-गंगोत्री हाईवे बाधित हो गया है। बीआरओ की टीम राजमार्ग को खोलने में जुटी है।

बता दें कि, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के तहत आज प्रदेश के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और पौड़ी जनपदों में कहीं-कहीं तीव्र बौछार के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिससे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्र में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऐसे में जनपद रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम में भी पुनर्निर्माण कार्य बीते दो तीन दिन से बंद है। केदारनाथ में भी बीते दिनों से लगातार बारिश जारी है. जिससे पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हुआ है।

उधर, बारिश के कारण बीते दिन टिहरी झील का जलस्तर बढ़ने से चिन्यालीसौड़ पुरानी जोगत रोड ब्लॉक मुख्यालय के पास लगभग सड़क का 10 मीटर हिस्सा झील में समा गया है। सुरक्षा को देखते हुए इस मोटर मार्ग को पुलिस ने आवाजाही के लिए बंद करवा दिया है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.