September 23, 2026

मसूरी क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात: मंत्री गणेश जोशी ने किए शिलान्यास और लोकार्पण

 कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गंगोल पंडितवाड़ी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान गंगोल पंडितवाड़ी, गल्जवाड़ी, गजियावाला और बिष्टगांव ग्राम पंचायतों के लिए कुल ₹152.99 लाख के कार्यों का शिलान्यास और ₹54.32 लाख की योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

ये सभी विकास कार्य विधायक निधि, मंडी परिषद और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से स्वीकृत किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने “जनता की सरकार, जनता के द्वार” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी जनता के प्रति होती है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही करीब ₹12 करोड़ की लागत से देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के पास नए पुल का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके अलावा घट्टीखोला पुल और किमाड़ी मार्ग के निर्माण को लेकर भी अहम घोषणाएं की गईं।

मंत्री जोशी ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका को सराहा और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर विपक्ष केवल दिखावा कर रहा है।

विकास कार्यों के तहत एमडीडीए द्वारा ₹114.75 लाख की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण शुरू किया गया। वहीं, गल्जवाड़ी में सामुदायिक भवन के पीछे सुरक्षा दीवार और गार्ड रूम, तथा गंगोल पंडितवाड़ी की हरिजन बस्ती में भरानी नदी किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य भी पूरा किया गया।

इसके अतिरिक्त गजियावाला में टिन शेड की सुरक्षा के लिए चारदीवारी, सीसी मार्ग निर्माण, आंतरिक सड़कें, नाले पर बाढ़ नियंत्रण तटबंध और सामुदायिक केंद्र के पास हॉल निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण किया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.